मध्य प्रदेश सरकार किसानों को डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में सरकार ने MP Kisan App 2.0 को शुरू किया है। इस ऐप का उद्देश्य किसानों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना और खेती से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को ऑनलाइन उपलब्ध कराना है।
इस मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से किसान घर बैठे विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, आवेदन कर सकते हैं और जरूरी दस्तावेज डाउनलोड कर सकते हैं।
MP Kisan App 2.0 में किसानों को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

एमपी किसान ऐप 2.0 के जरिए किसान कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, जिनमें शामिल हैं:
- बी-1 और खसरा की कॉपी डाउनलोड करना
- पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़े कार्य करना
- आधार लिंकिंग की सुविधा
- गिरदावरी संबंधी जानकारी दर्ज करना
- ई-उपार्जन पंजीयन करना
- दावा एवं आपत्ति दर्ज करना
- फसल स्व-घोषणा करना
- मंडी भाव और बाजार भाव की जानकारी प्राप्त करना
- मिट्टी की उर्वरता और कृषि योजनाओं की जानकारी लेना
- मौसम संबंधी अपडेट प्राप्त करना
- फसल आधारित सलाह और तकनीकी मार्गदर्शन लेना
खेती के उपकरण भी मिल सकते हैं किराये पर
ऐप के माध्यम से किसान अपनी जरूरत के अनुसार ट्रैक्टर, स्प्रेयर पंप और अन्य कृषि उपकरण किराये पर उपलब्ध होने की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इससे छोटे और सीमांत किसानों को खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है।
बीज और कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान
खरीफ सीजन के दौरान किसानों को यदि बीज की आवश्यकता है तो वे बीज निगम के माध्यम से बीज खरीद सकते हैं और ऐप के जरिए अनुदान के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा कृषि यंत्रों पर दी जाने वाली सब्सिडी के लिए भी आवेदन किया जा सकता है। पात्र किसानों का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। चयन होने पर किसानों को निर्धारित अनुदान का लाभ मिलेगा।
MP Kisan Portal पर कैसे करें पंजीकरण?

डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को MP Kisan Portal या MP Kisan App 2.0 पर पंजीकरण करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित सेवा का चयन कर सकते हैं और ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से की अपील
सागर कृषि विभाग के उपसंचालक डॉ. राजेश त्रिपाठी ने किसानों से अपील की है कि वे MP Kisan App 2.0 पर जल्द से जल्द पंजीकरण कराएं। उनके अनुसार इस प्लेटफॉर्म पर बीज, कृषि यंत्रीकरण, माइक्रोन्यूट्रिएंट्स, स्प्रेयर समेत कई योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसान समय पर आवेदन करें ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और अनुदान का लाभ मिल सके।
Also Read – PM Kisan 23वीं किस्त पर बड़ा खतरा? ये 3 काम नहीं किए तो खाते में नहीं आएंगे



