Top News

नागपुर में युवती का सनसनीखेज आरोप: नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेल, धर्मांतरण और काला जादू का दावा, 2 गिरफ्तार

webp 27

महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भारतीय वायुसेना Air Force के एक जवान की पत्नी ने अपने पुराने सहपाठी और उसके साथियों पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, लाखों रुपये वसूलने, जबरन धर्मांतरण कराने और काला जादू करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अयाज़ मदारे और उसके सहयोगी अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कथित धर्मांतरण कराने वाले मौलाना की तलाश के लिए पुलिस टीम मध्य प्रदेश भेजी गई है।

नागपुर के होटल में मुलाकात के दौरान पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप

नागपुर के होटल में मुलाकात के दौरान पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप

एफआईआर के अनुसार, 8 फरवरी 2025 को 24 वर्षीय महिला की अपने पुराने सहपाठी अयाज़ मदारे से एक होटल में मुलाकात हुई थी। महिला का आरोप है कि मुलाकात के दौरान उसके पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिला दिया गया।महिला का कहना है कि जब उसे होश आया तो आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए थे। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और पति को भेजने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया।पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया और डराकर लगभग 4 लाख रुपये भी वसूल लिए।

छोड़ दो मुझे वाला वीडियो हुआ वायरल

इस मामले में एक वायरल वीडियो अहम सबूत माना जा रहा है। वीडियो में महिला रोती हुई दिखाई दे रही है और आरोपी से उसे छोड़ देने की गुहार लगाती सुनाई देती है। वीडियो में कथित तौर पर अयाज़ मदारे महिला के हाथ पकड़कर कुछ धार्मिक मंत्र या आयतें पढ़ता हुआ नजर आ रहा है। साथ ही वह महिला पर फूंक मारता दिखाई देता है। वीडियो में महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश करती नजर आती है। महिला का आरोप है कि इसी प्रक्रिया को धर्मांतरण और कथित काला जादू का हिस्सा बताया गया था।

काला जादू और हिप्नोटिज्म के नाम पर शोषण का आरोप

शिकायत में महिला ने यह भी दावा किया है कि आरोपी अक्सर एक प्लास्टिक की बोतल में कोई तरल पदार्थ लेकर आता था और उसे पीने के लिए मजबूर करता था। महिला के अनुसार, इसके बाद आरोपी उर्दू में कुछ पढ़ता था, उसके चेहरे पर फूंक मारता था और इसे “हिप्नोटिज्म” तथा “काला जादू” बताता था। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया जाता था। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।

जबरन धर्मांतरण और निकाह कराने का आरोप

Nagpur Conversion Case

एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, 31 मई को आरोपी महिला को जबरन नागपुर के पास स्थित कलमेश्वर ले गए। वहां मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया गांव से जुड़े एक मौलाना ने कथित धार्मिक प्रक्रिया कराई।    महिला का आरोप है कि उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध “कबूल है” कहलवाया गया और बाद में यह घोषणा की गई कि उसका धर्म परिवर्तन हो चुका है तथा उसका निकाह अयाज़ मदारे के साथ करा दिया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जबरन मांस खिलाया गया और कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद उसे एक होटल ले जाया गया, जहां उसके साथ फिर दुष्कर्म किया गया।

पुलिस ने दर्ज किए गंभीर मामले

नागपुर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म, बार-बार यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, उगाही, जबरन धर्मांतरण और महाराष्ट्र के अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि डिजिटल साक्ष्य इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

पुलिस क्या बोली?

डीसीपी सुरेश रेड्डी ने कहा कि महिला ने अपनी शिकायत में दुष्कर्म, उगाही, धर्मांतरण और काला जादू से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच जारी है और कथित धर्मांतरण कराने वाले मौलाना की तलाश के लिए एक टीम दूसरे राज्य भेजी गई है। मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है।

Share post: facebook twitter pinterest whatsapp