दरअसल मप्र में 21 से 30 जून के बीच 50 लाख वैक्सीनेशन का महाअभियान चल रहा है, लेकिन 27 जून को ही प्रदेश में 46 लाख लोगों का वैक्सीनेशन कर दिया गया है। शनिवार को प्रदेश में 9 लाख 86 हजार लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई थी, जिसके बाद प्रदेश में केवल 4 लाख डोज ही स्टॉक में बचे थे।
इस कारण प्रदेश में सोमवार को केवल 26 जिलों में वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान उन जिलों में ही वैक्सीनेशन किया जाएगा,
जहां 25 फीसदी से कम वैक्सीनेशन हुआ है। इस कारण राजधानी भोपाल और इंदौर में भी वैक्सीनेशन न करने का फैसला लिया गया है।जहां कम वैक्सीनेशन अब वहां फोकस कर रही सरकार :
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह में इंदौर और भोपाल सहित कुछ बड़े जिलों में लक्ष्य से ज्यादा वैक्सीन लगाई गई है, लेकिन कुछ जिलों में कम वैक्सीनेशन हुआ है। ऐसे में अब आज इन जिलों में वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा, जहां वैक्सीनेशन की दर 25 प्रतिशत से कम है।
वहीं वैक्सीन की नई खेप सोमवार शाम तक आ जाएगी। जिसके बाद फिर से वैक्सीनेशन का अभियान तेज कर दिया जाएगा। टीकाकरण की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी (Dr. Prabhuram Chaudhary) ने बताया कि प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 98 लाख डोज लग चुके हैं, वहीं आज के टीकाकरण के बाद प्रदेश में 2 करोड़ वैक्सीन लगने का रिकार्ड बन जाएगा।














