भोपाल-भिंड और छतरपुर में बारिश, ग्वालियर में ओले
रायसेन में ओस जमी, उज्जैन-इंदौर-अंबाह में घना कोहरा
भोपाल। मध्य प्रदेश के कई जिलों में सुबह ओले और बारिश के साथ हुई। कुछ जिलों में ये सिलसिला काफी देर तक जारी रहा। भोपाल, ग्वालियर, रीवा समेत 20 जिलों में मावठा गिरने के साथ ही सर्दी ने एक बार फिर से एहसास करा दिया। भोपाल, छतरपुर और भिंड में मंगलवार तड़के बारिश हुई। कोहरे और धुंध ने गाड़ियों की रफ़्तार पर ब्रेक लगा दिए।
रायसेन में ओस की बूंदें जम गईं। ग्वालियर में ओले गिरे, जिससे फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं उज्जैन, इंदौर और मुरैना के अंबाह में घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी 30 से 50 मीटर रह गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके बाद 3 दिन प्रदेश में कोहरा छाएगा। वहीं, नए सिस्टम की वजह से फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
सोमवार को भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग के 20 से ज्यादा जिलों में बारिश और बादल वाला मौसम रहा। टीकमगढ़, आगर-मालवा, अशोकनगर में सुबह ही बारिश हो गई, जबकि कुछ जिलों में शाम को मौसम बदला। उत्तरी हिस्से में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला।
आज इन जिलों में असर
मौसम विभाग ने मंगलवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इनमें से कई जिलों में सुबह मध्यम कोहरा भी रहा।

राजगढ़ के खिलचीपुर में तेज बारिश, तापमान में गिरावट आई
राजगढ़ जिले में मंगलवार को मौसम पूरी तरह बदल गया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। जिले के कई हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट आई है।
वहीं सुबह करीब 8:30 बजे खिलचीपुर इलाके में तेज बारिश शुरू हो गई। अचानक हुई तेज बारिश से सड़कें गीली हो गईं, जिससे सुबह के समय ट्रैफिक और लोगों की आवाजाही पर असर पड़ा।
भिंड के लहार में गरज-चमक के साथ बारिश, बढ़ी ठंड
भिंड जिले के आलमपुर की लहार तहसील में सोमवार रात से चल रही तेज ठंडी हवाओं से तापमान में फिर से गिरावट आई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सोमवार रात भर आसमान में बादल छाए रहे। मंगलवार सुबह 6 बजे से लहार तहसील में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं से ठंड बढ़ गई है।
छतरपुर में बदला मौसम, कड़ाके की ठंड के बीच बारिश
छतरपुर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कड़ाके की ठंड के बीच लवकुशनगर में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं और लगातार नमी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग घरों में हैं। सड़कों पर आवाजाही भी कम नजर आ रही है।
Read Also- तीस की उम्र पर कर ली है पार तो हो जाएं सावधान! नहीं तो बढ़ जाएगा जोड़ों का दर्द
दमोह में कड़ाके की ठंड, अलाव का सहारा ले रहे लोग
दमोह में आसमान में बादल छाए हुए हैं। इलाके में ठंडी हवा चल रही है, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ग्वालियर में गिरे ओले, खेत बर्फ से ढक गए, फसल बर्बाद
ग्वालियर से 35-40 किलोमीटर दूर आंतरी और सिकरोदा गांव में सुबह 4 से 5 बजे के बीच ओले गिरे हैं। इन गांवों में करीब 25 मिनट तक ओले गिरे, जिससे खेत बर्फ से ढक गए। सिकरोदा गांव के रहने वाले किसान हरि सिंह राजपूत ने बताया कि ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
रायसेन में घना कोहरा, विजिबिलिटी 50 मीटर, ओस की बूंदें जम गईं
रायसेन में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई है। रात भर भारी ओस गिरने से पेड़ों और पौधों पर ओस की बूंदें जम गई हैं। सुबह से ठंडी हवाएं भी चल रही हैं।
हालांकि, बादल छाए रहने के कारण दिन और रात दोनों का तापमान बढ़ गया है। दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
भोपाल के कोलार इलाके में घना कोहरा
भोपाल के कोलार इलाके में सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। गाड़ियों की रफ्तार धीमी रही।
Read Also- टाइगर स्टेट कहलाने वाले मप्र में बाघों पर संकट, शहडोल में करंट लगने से दो बाघों की मौत
अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम
- 4 फरवरी- शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में मध्यम कोहरा रहेगा।
- 5 फरवरी- राजगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
- 6 फरवरी- गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कोहरा रहेगा।

