महाराष्ट्र के Amravati जिले के परतवाड़ा इलाके से सामने आए अश्लील वीडियो कांड ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। शुरुआत में यह मामला एक-दो वीडियो तक सीमित लगा था, लेकिन जांच बढ़ने के साथ ही खुलासा हुआ कि करीब 350 आपत्तिजनक वीडियो सामने आए हैं। और इतना ही नहीं, आरोप है कि इस मामले में 180 से ज्यादा लड़कियों को निशाना बनाया गया है। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। मामले के मुख्य आरोपी मोहम्मद अयान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश करने के बाद 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही मचा बवाल
जैसे ही परतवाड़ा में इस कांड का खुलासा हुआ, सोशल मीडिया पर तेजी से कई आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने लगे। वीडियो के तेजी से फैलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया। पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।
7 दिन की रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 7 दिन की रिमांड पर भेजा गया। इस दौरान पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इतने बड़े स्तर पर वीडियो कैसे बनाए गए और क्या इसमें कोई और लोग भी शामिल हैं।
केस ने लिया राजनीतिक रंग, AIMIM कनेक्शन पर बहस
जैसे-जैसे मामला आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे इसने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि इस मामले में बड़े स्तर पर शोषण हुआ है और सैकड़ों वीडियो बनाए गए हैं। साथ ही यह भी दावा किया गया कि आरोपी का संबंध All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen (AIMIM) से रहा है। हालांकि AIMIM के स्थानीय अध्यक्ष आदिल मोहम्मद ने सफाई देते हुए कहा कि आरोपी पहले जुड़ा हुआ था, लेकिन उसे संगठन से हटा दिया गया था।
अब तक सिर्फ 7 पीड़ितों की पहचान
हालांकि मामले में 180 से ज्यादा लड़कियों के शोषण की बात सामने आ रही है, लेकिन अभी तक पुलिस केवल 7 पीड़ितों की पहचान कर पाई है। परतवाड़ा पुलिस स्टेशन के निरीक्षक सुरेश मस्के ने जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस लगातार पीड़ितों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। उन्होंने अपील की है कि जो भी पीड़ित हैं, वे बिना डर के सामने आएं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी पीड़ितों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।

















