भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले चार दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के असर से जहां बारिश और ओलों ने कहर बरपाया, वहीं अब प्रदेश के बड़े हिस्से घने कोहरे की गिरफ्त में आ गए हैं। बुधवार सुबह ग्वालियर-चंबल अंचल समेत करीब 20 जिलों में हल्के से मध्यम, तो कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहा।हालांकि बुधवार को बारिश या ओलावृष्टि का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन राहत ज्यादा दिन की नहीं मानी जा रही।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 5 फरवरी से एक और नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे एक बार फिर मावठे का दौर शुरू हो सकता है। बुधवार सुबह भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा है। कुछ जिलों में हल्का कोहरा है। हालांकि उमरिया जिले में बुधवार सुबह कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई है।
सुबह-सुबह धुंध ने थामी रफ्तार
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज जैसे जिलों में दृश्यता काफी कम रही। कई जगह वाहन चालकों को धीमी रफ्तार से चलना पड़ा।
Read Also- कम उम्र वालों की जान का दुश्मन बनता जा रहा कैंसर, जानें क्यों ?
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
5 फरवरी: ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में घना कोहरा छाने के आसार हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहेगा।
6 फरवरी: अधिकांश जिलों में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी, लेकिन बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।

फिर बदलेगा मौसम का रुख
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 5 फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई देगा और 10 फरवरी तक रुक-रुक कर मावठा गिरने की संभावना है। इससे पहले मंगलवार को ग्वालियर, भोपाल, मंदसौर, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, दतिया, मैहर, कटनी, शिवपुरी, भिंड, राजगढ़, आगर-मालवा और गुना समेत 22 से अधिक जिलों में बारिश, ओले, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं।
आगर मालवा में हल्का कोहरा, ठंड बढ़ी
बुधवार सुबह आगर मालवा हल्के कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादलों के जमावड़े से सूरज की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पाईं, जिससे ठंड का असर बढ़ गया। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हुई, जिन्हें सर्द हवाओं के बीच स्कूल जाना पड़ा।
ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं। मावठे की बारिश थमने के बावजूद तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बदलते मौसम के चलते मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
छतरपुर में कोहरा और धुंध का असर; 11.6℃ पहुंचा न्यूनतम तापमान, बढ़ी ठंड
छतरपुर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार की तुलना में करीब 1 डिग्री कम है। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, कोहरा और धुंध बनी रही तथा हल्की फुहार के साथ ओस गिरती रही। सुबह 9:30 बजे तक सूरज नहीं निकल सका, हालांकि 11 से 12 बजे के बीच बादल छंटने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री रहा था, जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री तक पहुंच सकता है। नमी 98 प्रतिशत और विजिबिलिटी 200 मीटर दर्ज की गई है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से माना जा रहा है।
इंदौर में ठंड का असर कम, सुबह हल्का कोहरा और धूप
इंदौर में आज मौसम में राहत देखने को मिली है। कल की तुलना में ठंड का असर कम महसूस किया गया। सुबह हल्का कोहरा जरूर रहा, लेकिन इसके साथ ही धूप भी निकल आई, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिली और दिन का मौसम सुहावना बना रहा।
Read Also- प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ गिरे ओले, धुंध ने गाड़ियों की रफ़्तार पर लगा दिए ब्रेक
भिंड में घना कोहरा और सर्द हवाएं चल रहीं
भिंड जिले में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार सुबह रिमझिम बूंदाबांदी हुई, जबकि दोपहर बाद बादल छंटने से आसमान साफ हो गया था। बुधवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली और जिले में घना कोहरा छा गया। कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम हो गई है। सर्द हवाओं से लोग ठिठुरने लगे हैं। मौसम का असर फसलों पर भी दिख रहा है। बारिश से खेतों में सिंचाई को राहत मिली है, लेकिन जिन फसलों की बुवाई देर से हुई है, उन्हें नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जबलपुर के गौरी घाट में विदेशी पक्षियों का जमावड़ा
ठंड के बीच जबलपुर के गौरी घाट में विदेशी पक्षियों का अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में सफेद रंग के ये पक्षी चहचहाते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे घाट का माहौल और भी खुशनुमा हो गया है। इन पक्षियों की मौजूदगी ने ठंडे मौसम में लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।

