बक्सवाहा जंगल बचाने के अभियान को गति देने के लिए पर्यावरण प्रेमियों ने अब कमर कसना शुरू कर दी है। इसी तारतम्य में शुक्रवार रात बक्सवाहा जंगल बचाओ अभियान के तहत डॉ. धर्मेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में एक वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें अगस्त क्रांति दिवस 7, 8 और 9 अगस्त को छतरपुर (बक्सवाहा) जाने और अभियान को गति प्रदान करने पर चर्चा हुई।
इस दौरान छतरपुर में होने वाले 3 दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा औ रणनीति तैयार करने अलग-अलग प्रदेशों से कई संगठनों के कार्यकर्ता ने अपने विचार साझा किए। बैठक में 30 से अधिक पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति और पीएम को खून से लिखेंगे खत :
मीटिंग में यह तय हुआ कि जो लोग बक्सवाहा जाएंगे। वह वहां 3 दिन के कार्यक्रम के अनुसार ही कार्यक्रम करेंगे। इस दौरान खून से महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही जो लोग बक्सवाहा जाने में असमर्थ हैं, वह अपने निवास स्थान से ही कार्यक्रम करेंगे।
आंदोलन का घर से समर्थन कर रहे लोग अपने बच्चों को साथ लेकर बक्सवाहा जंगल बचाओ अभियान के तहत वीडियो बनाएंगे। बच्चों को इकट्ठा कर उन्हें बक्सवाहा के संबंध में जानकारी देंगे, बच्चों द्वारा वृक्षारोपण करना और इसके अलावा पर्यावरण से संबंधित अन्य कार्यक्रम अपने घर से ही करेंगे।
सोशल मीडिया पर साझा करें फोटो :
साथ ही डॉ. धर्मेन्द्र ने सभी पर्यावरण प्रेमियों को निर्देशित किया कि वे अपने फोटो और उसका विवरण सोशल मीडिया पर, समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों पर चलवाएं। साथ ही ज्यादा से ज्यादा संख्या में पर्यावरण प्रेमियों से जंगल बचाओ अभियान में जुड़ने के लिए कहें, जिससे अलग-अलग विचार मिलें और फिर उन विचारों को ध्यान में रखते हुए आगे की रणनीति तैयार हो।
बैठक में आनंद पटेल, अनुराग विश्नोई, ओम प्रकाश चौधरी, सीमा चौहान, ज्योति सनोदिया, उषा मिश्रा, पूनम, काजल इंदौरी, शीतल पाटील, विश्वमित्रा मानव, इंदु, गणेश, कमल यादव, अभिषेक खरे, महेश सिंह, मिथिलेश शर्मा, ओम प्रकाश महतो, पीयूष विश्नोई, राजेश, अर्जुन काले, शुभम पाठक, संतोष मेहता, ओम प्रकाश पंचाल, अभिषेक कुशवाहा, श्याम दुबे, पवन राजपूत, विकास जैन सहित लगभग 30 सदस्यों ने इस विषय पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।















