अमरावती वायरल MMS Video: महाराष्ट्र के Amravati में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और अश्लील वीडियो बनाने के मामले में अब एक और बड़ा खुलासा हुआ है। इस सनसनीखेज केस में मुख्य आरोपी अयान अहमद उर्फ मोहम्मद अयाज़ और उसका साथी उजेर खान मिलकर एक पूरा नेटवर्क चला रहे थे, जिसके जरिए लड़कियों को फंसाया जाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले लड़कियों से दोस्ती करते,फिर उनका भरोसा जीत लेते और रिलेशनशिप के नाम पर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाकर वीडियो रिकॉर्ड करते थे। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जाने लगा था।
ब्रेकअप के बाद बना प्लेबॉय

पूछताछ के दौरान 19 साल के आरोपी अयान ने जो बातें बताईं, उन्होंने पुलिस को भी चौंका दिया है। उसने बताया कि पहले वह एक लड़की के साथ रिलेशनशिप में था, लेकिन ब्रेकअप के बाद उसने खुद को प्लेबॉय बना लिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वह यह सब पुलिस को बेहद सामान्य तरीके से बता रहा था, जैसे उसने कोई गलत काम किया ही न हो।
इंस्टाग्राम पर बनाई रईस छवि 18 हजार फॉलोअर्स से करता था शिकार
जांच में यह भी सामने आया है कि अयान का मोबाइल का बिजनेस था और वह इंस्टाग्राम पर पेड प्रमोशन से भी पैसे कमाता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर 18,000 से ज्यादा फॉलोअर्स थे। वह अक्सर दोस्तों और परिवार से पैसे उधार लेकर एक लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाता था। महंगी गाड़ियां, खर्चीली लाइफ और ग्लैमरस फोटो-वीडियो के जरिए वह खुद को रिच और आकर्षक दिखाता था, ताकि लड़कियां आसानी से उसकी तरफ आकर्षित हो जाएं।
सोशल मीडिया से शुरू होता था जाल, फिर ब्लैकमेल का खेल

पुलिस के मुताबिक आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए लड़कियों से संपर्क करता था। पहले वह उनसे बातचीत करता, फिर धीरे-धीरे उनका भरोसा जीता। जब लड़की पूरी तरह उस पर भरोसा कर लेती, तब वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता और चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड करता। इसके बाद शुरू होता था असली ब्लैकमेलिंग खेल। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लड़कियों को डराया जाता और उन्हें बार-बार शोषण का शिकार बनाया जाता।
कौन ज्यादा लड़कियां फंसाएगा शर्त से शुरू हुआ घिनौना खेल
जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार अयान और उसका दोस्त उजेर खान यह सब अकेले नहीं कर रहे थे, बल्कि यह पूरा मामला एक शर्त या मुकाबले से शुरू हुआ था। दोनों के बीच यह चुनौती थी कि कौन ज्यादा लड़कियों को अपने जाल में फंसा सकता है।
अमरावती केस में 180 लड़कियां, 350 से ज्यादा वीडियो
परतवाड़ा इलाके में सामने आए इस केस में दावा किया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 180 लड़कियों को निशाना बनाया और 350 से ज्यादा अश्लील वीडियो तैयार किए। हालांकि अब तक पुलिस केवल 8 पीड़ितों की पहचान कर पाई है। बाकी संभावित पीड़ितों की तलाश जारी है और डिजिटल सबूतों की गहराई से जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों को यह भी शक है कि कुछ आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट पर अपलोड किए गए थे, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कंटेंट किन प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी से लगातार पूछताछ हो रही है और हर डिजिटल एंगल को खंगाला जा रहा है। यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल किस तरह गंभीर अपराधों में बदल सकता है। साथ ही यह भी जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति पर जल्दी भरोसा न करें।
Disclaimer – यह जानकारी विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है, आधिकारिक पुष्टि जारी है
















