भारत-यूएस डील के खिलाफ प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की
भोपाल। MP News: भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जवाहर चौक पर कांग्रेस ने ‘किसान महाचौपाल’ बुलाई। इसमें ‘शामिल होने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भोपाल पहुंचे। सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया। तैयारियों के लिए 50 हजार लोगों की क्षमता वाला डोम तैयार किया गया है। दोनों नेता भोपाल पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट से सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो रहे हैं। इधर, सभा स्थल पर जाने को लेकर कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं की पुलिस से बहस हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
एसीपी ट्रैफिक अजय वाजपेयी ने बताया कि कार्यक्रम में आने वालों को प्लेटिनम प्लाजा और वीआईपी रोड डिपो की ओर से एंट्री दी जा रही है। वहीं जवाहर चौक, माता मंदिर और न्यू मार्केट की तरफ से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इसके बावजूद कई मार्गों पर कांग्रेसी अब भी डटे हुए हैं। प्रवेश न मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है, जबकि पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।
राहुल बोले- कांग्रेस डटकर खड़ी रहेगी, पीछे नहीं हटेगी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील में प्रधानमंत्री ने देश को बेच दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से देश का डेटा सौंपा गया, किसानों, टेक्सटाइल उद्योग और रोजगार को नुकसान पहुंचाया गया, जो शर्म की बात है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अमेरिका में अडानी से जुड़े मामलों को लेकर प्रधानमंत्री चिंतित हैं और 14 महीनों से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
खड़गे बोले- दबाव में शर्तें मानने से देश को शर्मिंदगी उठानी पड़ी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली से रवाना होने से पहले कहा कि देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों में गहरी नाराजगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के दबाव में आकर उनकी शर्तें मान लीं, जिससे देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी उठानी पड़ी। ऐसे फैसले लिए गए, जो किसानों के हितों के खिलाफ हैं और देश को कमजोर करते हैं। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस डरने वाली पार्टी नहीं है।
Read Also- मोहन कैबिनेट का किसानों को तोहफा, उड़द पर 600 रुपए बोनस को मंज़ूरी
सीएम बोले- राहुल तो राज्य की जनता से माफी मांगें
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी तो आज आ रहे हैं हम तो 365 दिन किसानों के लिए काम करते हैं। राहुल तो राज्य की जनता से माफी मांगें। उनकी सरकार 1956 में बनी, तब से लेकर 2003 तक सिंचाई का रकबा केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर क्यों रहा। कांग्रेस ने किसानों के साथ अन्याय किया।
राहुल गांधी बोले- मैंने नरवाड़े जी की बात उठाई, लेकिन मुझे रोका गया
राहुल गांधी ने कहा– मैंने स्पीच शुरू की। मुझे रोका गया। फिर शुरू की, फिर रोका गया। मैंने नरवाड़े जी की बात उठाई, उन्होंने किताब में साफ लिखा जब चाइना के टैंक हिंदुस्तान की बाउंड्री के अंदर आ रहे थे तो उन्होंने राजनाथ को फोन किया। पूछा– मेरा ऑर्डर क्या है? उन्होंने जवाब नहीं दिया। फिर अजीत डोभाल को फोन किया। उन्होंने भी कोई जवाब नहीं दिया। उसके बाद जयशंकर को फोन किया। कोई जवाब नहीं मिला।
उसके दो घंटे बाद फिर से नरवाड़े जी ने डिफेंस मिनीस्टर को फोन किया। आप मुझे ऑर्डर दीजिए दो घंटे हो गए हैं। आप पीएम से पूछिए मेरा ऑर्डर क्या है? ये सवाल इसलिए पूछ रहे थे क्योंकि चाइनीज आर्मी पर फायर करने का निर्णय पीएम को करना होता है। युद्ध का निर्णय आर्मी नहीं, पीएम लेता है।
गांधी को कांग्रेस नेताओं ने हल भेंट किया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंच पर पहुंच गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी और खड़गे का हल भेंटकर स्वागत किया।
ACP उमेश तिवारी और विधायक महेश परमार के बीच बहस
ACP उमेश तिवारी और तराना उज्जैन से कांग्रेस MLA महेश परमार के बीच गरमागरम बहस हो गई। उज्जैन के जिला अध्यक्ष को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा था, इसी बात पर बहस शुरू हुई। लिस्ट में उनका नाम बताने के बाद उन्हें अंदर जाने दिया गया, जिससे दोनों के बीच काफी तनाव हो गया।
विश्वास सारंग ने बोले- राहुल गांधी देश की राजनीति में अराजकता फैला रहे
विश्वास सारंग ने कहा कि राहुल कहते हैं कि वो मोहब्बत की दुकान चला रहे हैं, लेकिन देश में अनर्गल बाते करना और वो कृत्य करना जो राष्ट्र द्रोह की श्रेणी में आता है ऐसे काम कर रहे हैं। इस देश के खिलाफ काम करने वाले जो राष्ट्र द्रोह का काम करते हैं उनके प्रवक्ता के रूप में राहुल गांधी काम कर रहे हैं। राहुल के नाम को अलग-अलग शब्दों से मिमांसा करे तो रा का मतलब रार… हु का मतलब हुड़दंग और ल का मतलब लफंगाई।

