
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई 2026 को हुए 'संसद चलो' प्रदर्शन के बाद CRPF की रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत चर्चा में आ गई हैं। प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी निभाते समय वह घायल हो गई थीं। इसके बाद उनका एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया।
सोनिया सहरावत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में असिस्टेंट कमांडेंट हैं और फिलहाल रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) में तैनात हैं। RAF की जिम्मेदारी दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना होती है।
View this post on Instagram
एक इंटरव्यू में सोनिया सहरावत ने बताया था कि उनका बचपन हरियाणा में बीता। उन्होंने कहा कि वहां लड़कियों को कई सामाजिक चुनौतियों और पुराने विचारों का सामना करना पड़ता था। इन्हीं परिस्थितियों ने उन्हें वर्दी पहनकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। कई मुश्किलों और हतोत्साहित करने वाली बातों के बावजूद उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करके CRPF में अधिकारी बनीं।
View this post on Instagram
सोनिया सहरावत सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 6 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। वह अपने अकाउंट पर डांस वीडियो, फिटनेस कंटेंट, ट्रेंडिंग रील्स, निजी जीवन की झलक और वर्दी में ड्यूटी से जुड़े पोस्ट शेयर करती रहती हैं। इसके अलावा वह UPSC CAPF परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं को मोटिवेशन और अनुशासन से जुड़ी सलाह भी देती हैं।


प्रदर्शन के दो दिन बाद सोनिया सहरावत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें एक मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दे रहा था। इसके साथ उन्होंने लिखा था: CAN'T FIX THEMSELVES AND THEY WANNA FIX THE COUNTRY. यानी, जो खुद को नहीं सुधार सकते, वे देश को सुधारने की बात कर रहे हैं। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और कई लोगों ने इसे छात्र प्रदर्शनकारियों पर टिप्पणी के रूप में देखा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद सोनिया सहरावत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी डिलीट कर दी। छात्र आंदोलन का नेतृत्व कर रहे Cockroach Janta Party (CJP) ने इस पोस्ट की आलोचना करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, हम कॉकरोच हैं... और कॉकरोच कभी नहीं मरते।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पोस्ट को लेकर CRPF के कुछ अधिकारियों ने भी चिंता जताई। उनका मानना है कि ड्यूटी के दौरान तैनात अधिकारियों को सोशल मीडिया पर ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर पोस्ट करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। हालांकि, इस मामले में CRPF की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सोनिया सहरावत एक युवा RAF अधिकारी हैं, जो अपने सोशल मीडिया और पेशेवर जीवन दोनों के कारण चर्चा में रहती हैं। लेकिन जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी ने उन्हें राजनीतिक और सोशल मीडिया बहस के केंद्र में ला दिया है। फिलहाल मामला चर्चा में है और इस पर अलग-अलग पक्ष अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।