मप्र के उज्जैन में गुरुवार रात लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारों के बाद मप्र में सियासत गर्मा गई है। मामले पर अपना कड़ा विरोध जताते हुए भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा (Rameshwar Sharma MLA) ने तीखा बयान देते हुए कहा है कि यह देश बाबा साहेब द्वारा बनाए संविधान से चलेगा और यहां जो भारत विरोधी नारे लगाएगा उसे कुचल दिया जाएगा। इस दौरान विधायक ने राष्ट्र विरोधी बयानबाजी करने वालों को कहा है कि कानून अपना शिकंजा उन लोगों पर कसेगा। 

इतना ही नहीं मामले में विधायक ने विवादित बयानबाजी करते हुए कहा है कि अगर मां का दूध पिया है तो, कुछ दिन तो गुजारो अफगानिस्तान में और अपनी बात को जारी रखते हुए विधायक ने नारेबाजी करने वालों को यह तक कह दिया कि जिन्हें तालिबानी पसंद हैं वो कुछ दिन तो अफगानिस्तान में जाकर रहकर दिखाएं। 

देश पर मर मिटने वाले अशफाक बनो : 
विधायक ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि यह वो देश हो जो तुम्हारी बदतमीजियां सहकर भी तुम्हें उठाता है। तुम्हें सहारा देता है। इसलिए सुधरो और देश की धरती पर मर मिटने वाले अशफाक बनो। जिससे पूरा देश तुमको सलाम करे। वहीं यदि देश के खिलाफ तुमने बदतमीजी की तो कानून का डंडा और कानून का शिकंजा तुमपर कसेगा। और फिर इन लोगों को जो बचाने आएगा। उन पर भी डंडा चलाया जाएगा।

सीएम शिवराज ने भी जताई थी नाराजगी : 
गौरतलब है कि गुरुवार रात को उज्जैन शहर से देश विरोधी नारे लगने की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे। मामले में पुलिस ने 10 लोगों पर मामला दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार भी किया था। पूरे मामले की जानकारी लगने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) ने भी सख्ती बरतते हुए कहा था कि मप्र मे तालिबानी मानसिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

मामला उज्जैन शहर के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां गीता कॉलोनी में देर रात जुटी भीड़ के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने ‘या हुसैन’ के नारों के बीच ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगा दिए थे। 

यह भी पढ़ें : राम और गांधी का देश है भारत, इसलिए यहां जिंदा हो मुनव्वर राणा : रामेश्वर शर्मा