भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एक महिला कार्यकर्ता ने अपनी ही पार्टी के एक बुजुर्ग कार्यकर्ता पर यौन शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। भारतीय जनता पार्टी की इस युवा कार्यकर्ता ने आरोप लगाए हैं कि भाजपा कार्यालय में स्थित लाइब्रेरी में बुजुर्ग कार्यकर्ता द्वारा अश्लील हरकतें की गई हैं। इतना ही नहीं युवा कार्यकर्ता का आरोप है कि बुजुर्ग कार्यकर्ता उसकी सहेली पर भी डोरे डालने से बाज नहीं आ रहा। 

महिला कार्यकर्ता की मानें तो बुजुर्ग ने उसकी सहेली के साथ भी छेड़छाड़ करने की कोशिश की। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक गलियारों में गर्माया हुआ है। वीडियो के वायरल होने के बाद जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता मामले की जांच करने की मांग कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस इस पूरे मामले पर हमलावर हो गई है और मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग कर रही है। 

प्रदेश महामंत्री सबनानी के पास मामले की जांच : 
सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले की जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी के पास पहुंचने के बाद मामले को गंभीर मानते हुए इसके जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सबनानी खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं इस मामले में वायरल हुए वीडियो की सच्चाई भी पता की जा रही है। इस मामले में पीड़िता से भी बात करने की बात भाजपा के वरिष्ठ अधिकारियाें द्वारा की जा रही है। वहीं सबनानी की मानें तो इस मामले में किसी ने भी उन्हें सीधी शिकायत नहीं की है। 

सबनानी ने बताया कि युवती ने भाजपा के किस संगठन कार्यकर्ता को मामले की शिकायत की है। इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। इस मामले में अभी जांच शुरू नहीं की गई है। मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। 

भाजपा बचाव की मुद्रा में, कांग्रेस हुई हमलावर : 
वायरल हुए वीडियो में युवती ने आरोप लगाया है कि प्रदेश कार्यालय स्थित नानाजी देशमुख लाइब्रेरी में जाती रहती है। जहां बुजुर्ग ने 12 मार्च को उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। युवती की मानें तो बुजुर्ग बीजेपी कार्यकर्ता ने उसकी सहेली के साथ भी छेड़छाड़ करने की कोशिश की है। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद जहां बीजेपी के वरिष्ठ नेता पार्टी की साख बचाने बचाव की मुद्रा में आ गए हैं। वहीं कांग्रेस इस पूरे मामले में हमलावर बनी हुई है। 

इस पूरे मामले पर प्रदेश कार्यालय मंत्री राघवेंद्र शर्मा का कहना है कि लाइब्रेरी 200 वर्गफीट के कमरे में बनी हुई है और यहां हमेशा 10 से 12 लोग बैठे ही रहते हैं। पूरे कार्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। लाइब्रेरी में भी सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। यदि ऐसी कोई घटना हुई होगी तो जांच में सामने आ जाएगी। 

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने पीड़िता का वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा है कि भाजपा के नेताओं पर उन्हीं की पार्टी की युवा नेत्रियाें द्वारा शोषण के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री को संज्ञान लेते हुए दोषियों के विरुद्ध ठोस दंडात्मक कार्यवाही करना चाहिए, अन्यथा यह माना जाएगा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के नारे और “नारी सुरक्षा” के दावे केवल जुमले हैं।

भाजपा का असली चेहरा आ गया सामने : कांग्रेस 
वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मिथुन अहिरवार का इस पूरे मामले पर कहना है कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने केवल ट्रैक्टर खिंचवाने के मामले पर जबरदस्त बवाल किया था। यहां तो भाजपा के प्रदेश कार्यालय की लाइब्रेरी के लाइब्रेरियन पर ही भाजपा की महिला कार्यकर्ता ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। फिर भी भाजपा चुप है। इससे भाजपा के असली चेहरा सबके सामने उजागर हो गया है।  

मामले का वीडियो कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने अपने ट्विटर एकाउंट पर शेयर किया है :