आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश की भागीदारी पर सस्पेंस अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश को टूर्नामेंट में खेलने को लेकर 21 जनवरी की डेडलाइन दी गई है। जैसे-जैसे यह तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे इस पूरे म...

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश की भागीदारी पर सस्पेंस अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश को टूर्नामेंट में खेलने को लेकर 21 जनवरी की डेडलाइन दी गई है। जैसे-जैसे यह तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे इस पूरे मामले पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अगर बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार करता है, तो आईसीसी उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर सकता है। ऐसे में मौजूदा रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह शामिल किया जा सकता है। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बांग्लादेश के युवा और खेल सलाहकार आसिफ नज़रुल ने 21 जनवरी की डेडलाइन से ठीक पहले इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि बांग्लादेश अपने रुख से पीछे हटने को तैयार नहीं है और उन पर किसी भी तरह का अनुचित दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नज़रुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम पर भारत में खेलने के लिए अव्यावहारिक और अनुचित दबाव नहीं डाला जा सकता। हमें औपचारिक रूप से यह नहीं बताया गया है कि हमें टूर्नामेंट से बाहर किया जाएगा या हमारी जगह स्कॉटलैंड को लिया जाएगा। अगर आईसीसी, बीसीसीआई के दबाव में आकर हम पर अनुचित मांगें थोपता है, तो हम उन्हें स्वीकार नहीं करेंगे।"
आसिफ नज़रुल ने यह भी याद दिलाया कि पहले भी ऐसे उदाहरण रहे हैं, जब भारत ने पाकिस्तान जाने से इनकार किया था और आईसीसी ने टूर्नामेंट का वेन्यू बदल दिया था। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश ने भी तार्किक और ठोस कारणों के आधार पर वेन्यू बदलने की मांग की है, इसलिए उन्हें भारत में खेलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।
विवाद सामने आने के बाद से आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी ने बीसीबी को साफ अल्टीमेटम दिया है कि वह 21 जनवरी तक यह तय करे कि टीम भारत जाएगी या नहीं। अगर बीसीबी भारत दौरे से इनकार करता है, तो आईसीसी किसी दूसरे देश को बांग्लादेश की जगह टूर्नामेंट में शामिल कर सकता है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है। बांग्लादेश का पहला मुकाबला उसी दिन दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन्स, कोलकाता में होना है।
9 फरवरी को इटली से (कोलकाता)
इंग्लैंड से (2022 की चैंपियन टीम) कोलकाता में
और 17 फरवरी को नेपाल के खिलाफ अपना ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच खेलेगा
अब पूरा क्रिकेट जगत 21 जनवरी की डेडलाइन पर नजरें लगाए बैठा है। देखना होगा कि बांग्लादेश अपने फैसले पर कायम रहता है या आईसीसी कोई बड़ा कदम उठाता है।
Also Read - स्टीवन पीटर स्मिथ का टी20 भविष्य खुला, BBL फॉर्म के बाद ओलिंपिक का सपना बरकरार