इंडियन आइडल 16 का खिताब जीतने के बाद सिंगर ज्योतिर्मयी नायक लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। रियलिटी शो में अपनी दमदार और बहुमुखी गायकी से लाखों लोगों का दिल जीतने वाली ज्योतिर्मयी अब बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। ट्रॉफी जीतने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने अपने भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में ज्योतिर्मयी ने बताया कि उनका सबसे बड़ा सपना बॉलीवुड की दो मशहूर अभिनेत्रियों आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण के लिए प्लेबैक सिंगिंग करना है। उनका कहना है कि अगर उन्हें यह मौका मिलता है तो वह अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानेंगी।

इंडियन आइडल 16 का खिताब जीतने के बाद सिंगर ज्योतिर्मयी नायक लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। रियलिटी शो में अपनी दमदार और बहुमुखी गायकी से लाखों लोगों का दिल जीतने वाली ज्योतिर्मयी अब बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। ट्रॉफी जीतने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने अपने भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में ज्योतिर्मयी ने बताया कि उनका सबसे बड़ा सपना बॉलीवुड की दो मशहूर अभिनेत्रियों आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण के लिए प्लेबैक सिंगिंग करना है। उनका कहना है कि अगर उन्हें यह मौका मिलता है तो वह अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानेंगी।
ज्योतिर्मयी नायक ने बताया कि वह आलिया भट्ट की एक्टिंग की बड़ी प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा कि आलिया जिस तरह हर किरदार को पर्दे पर जीवंत बना देती हैं, उसी तरह वह अपनी आवाज के जरिए उनके किरदारों का हिस्सा बनना चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दीपिका पादुकोण के लिए गाना गाना भी उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा होगा। दोनों अभिनेत्रियों के लिए प्लेबैक सिंगिंग करना उनकी विश लिस्ट में सबसे ऊपर है।
ज्योतिर्मयी ने अपनी एक और खास ख्वाहिश का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उन्हें किसी बायोपिक फिल्म में गाने का मौका मिले, तो वह दिग्गज गायिका आशा भोसले के जीवन पर बनने वाली फिल्म का हिस्सा बनना चाहेंगी। उनके मुताबिक आशा भोसले का संगीत और उनकी गायकी कई पीढ़ियों के कलाकारों के लिए प्रेरणा रही है। ऐसे महान कलाकार की कहानी का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात होगी।
ज्योतिर्मयी नायक ओडिशा के बालासोर जिले के बाउंसानल गांव की रहने वाली हैं। राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने से पहले वह ओड़िया म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अच्छी पहचान बना चुकी थीं। उन्होंने ओड़िया सुपरस्टार प्रतियोगिता जीतकर अपने करियर की मजबूत शुरुआत की थी। इसके बाद उन्हें क्षेत्रीय फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग के कई अवसर मिले और धीरे-धीरे उन्होंने अपनी अलग पहचान बना ली।
बहुत कम लोग जानते हैं कि ज्योतिर्मयी सिर्फ एक गायिका ही नहीं बल्कि एक प्रशिक्षित म्यूजिक थेरेपिस्ट भी हैं। वह संगीत के जरिए कैंसर मरीजों और गर्भवती महिलाओं की मदद करने का काम भी करती रही हैं। उनका मानना है कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की ताकत भी रखता है। यही बात उन्हें दूसरे कलाकारों से अलग बनाती है।
ज्योतिर्मयी का कहना है कि इंडियन आइडल 16 ने उन्हें एक बेहतर और अधिक बहुमुखी कलाकार बनाया। शो में आने से पहले वह मुख्य रूप से लता मंगेशकर और आशा भोसले के गाने गाया करती थीं, लेकिन प्रतियोगिता के दौरान उन्हें अलग-अलग संगीत शैलियों में खुद को साबित करने का मौका मिला। फिनाले में उनके द्वारा प्रस्तुत गज़र ने किया है इशारा गीत को काफी सराहना मिली। जज श्रेया घोषाल ने उनकी आवाज और कठिन धुनों को आसानी से निभाने की क्षमता की खुलकर तारीफ की। अब उनका अगला सपना श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह के साथ किसी ओरिजिनल गाने में काम करना है।
आज सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंच चुकी ज्योतिर्मयी का सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा। उन्होंने खुलासा किया कि एक समय ऐसा भी आया था जब गले की गंभीर समस्या के कारण उनकी आवाज लगभग चली गई थी और उन्हें लगा कि शायद वह दोबारा कभी गा नहीं पाएंगी। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत के दम पर अपनी आवाज वापस पाई। इसी संघर्ष के बाद इंडियन आइडल 16 की ट्रॉफी जीतना उनके लिए किसी भावुक सपने के पूरा होने जैसा था। उन्होंने बताया कि जब विजेता के तौर पर उनका नाम घोषित किया गया तो कुछ पल के लिए उन्हें खुद यकीन नहीं हुआ। पूरे सीजन के दौरान उन्होंने खुद को विजेता के रूप में देखने का सपना कभी नहीं छोड़ा था।
इंडियन आइडल 16 का खिताब जीतने के बाद ज्योतिर्मयी नायक अब बॉलीवुड में अपनी नई पारी शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अपनी प्रतिभा, संघर्ष और मेहनत के दम पर उन्होंने पहले ही लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कब उन्हें आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण या किसी बड़े बॉलीवुड प्रोजेक्ट के लिए अपनी आवाज देने का मौका मिलता है।