अरिजीत सिंह बॉलीवुड करियर: बॉलीवुड और संगीत का काफी पुराना नाता रहा है। बॉलीवुड फिल्म की सफलता में उस फिल्म का संगीत महत्वपूर्ण किरदार निभाता है। जब बात हो बॉलीवुड संगीत की तो सिंगर कैसे पीछे रहे? और जब बात हो दर्द, इश्क, तन्हाई, सुकून से भरे गानों की तो एक नाम जो सबसे पहले याद आता है वह है अरिजीत सिंह का। अरिजीत सिंह, ने पिछले एक दशक में अपनी आवाज से जाने कितने लोगों का दिल जीता है। उनकी आवाज सुनकर सिंगल लोग प्यार में पड़ जाते हैं, जिनका ब्रेकअप नहीं हुआ वे भी ब्रेकअप के दर्द को महसूस कर लेते हैं। आज इसी सुरीली आवाज वाले गायक ने रिटायरमेंट की अनाउंसमेंट कर दी है।
जी हां, विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और न्यूज़ चैनल पर अरिजीत के रिटायरमेंट की खबर तेजी से वायरल हो रही है। कुछ लोग इस खबर को अफवाह बता रहे हैं तो कुछ इसे अरिजीत के शांत स्वभाव से जोड़कर देख रहे हैं। इसी खबर के साथ बॉलीवुड के एक सुनहरे अध्याय का अंत दिखाई दे रहा है क्योंकि अरिजीत सिंह की आवाज ने जाने कितने कलाकारों की फिल्मों को हिट करवाया है। फिर चाहे वह सलमान खान हो या शाहरुख खान, कार्तिक आर्यन हो या आदित्य रॉय कपूर।
क्या सच में अरिजीत सिंह रिटायर होने वाले हैं?
आज अरिजीत सिंह को वॉइस ऑफ बॉलीवुड कहा जाता है। हालांकि बॉलीवुड में उनकी शुरुआत बिल्कुल भी आसान नहीं थी। उन्होंने पश्चिम बंगाल के एक साधारण परिवार से अपना सफर शुरू किया। हालांकि उनके आसपास बचपन से ही संगीतमय माहौल था, जिसकी वजह से अरिजीत सिंह भी बचपन से ही शास्त्रीय संगीत से जुड़े रहे। अरिजीत सिंह ने बॉलीवुड में एंटर होने के लिए संघर्ष भी किया और सफलता का स्वाद भी चखा। पर अब अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट की खबरें हर जगह फैल चुकी हैं। हालांकि यहां अरिजीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि वह केवल प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट ले रहे हैं ना कि गाने बनाने से, वे संगीत के क्षेत्र में आगे भी काम करते रहेंगे।
अरिजीत सिंह प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के बाद क्या करेंगे?
हाल ही में अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट की अफवाह तेजी से फैलने लगी, जिसके चलते अरिजीत सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि वह केवल प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट ले रहे हैं। वे म्यूजिक से नाता नहीं तोड़ रहे, बल्कि आने वाले समय में वे एक साधक की तरह गाना सीखेंगे और अपने दम पर काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे आने वाले समय में पहले से ही कमिटेड प्रोजेक्ट्स को पूरा करेंगे। ऐसे में अगले कुछ साल तक लोगों को अरिजीत सिंह के गाने सुनने को मिलेंगे, लेकिन इसके बाद वे आगे किसी प्लेबैक सिंगिंग प्रोजेक्ट में काम नहीं करेंगे। मतलब अब वे किसी हीरो को अपनी आवाज नहीं देंगे अब वह गाने अब अपने खुद के लिए बनाएंगे और गाएंगे।
केवल बॉलीवुड सिंगर ही नहीं बल्कि म्यूजिक प्रोग्रामर भी हैं अरिजीत सिंह
वे सभी श्रोता जो अरिजीत सिंह की रिटायरमेंट की खबर सुनकर चिंतित हो गए हैं उन सभी के लिए राहत की बात यह है कि अरिजीत सिंह केवल गाना गाने में ही माहिर नहीं हैं। अरिजीत सिंह ने अपने स्ट्रगल के दिनों में म्यूजिक स्टूडेंट के रूप में काफी कुछ सीखा है। उन्होंने तबला, पियानो और क्लासिकल म्यूजिक की ट्रेनिंग ली है। साथ ही प्रोफेशनल सिंगर बनने से पहले अरिजीत सिंह ने म्यूजिक अरेंजमेंट और प्रोग्रामिंग का काम भी सीखा है।
पहला ब्रेक मिलने से पहले अरिजीत सिंह प्रीतम और अन्य बड़े डायरेक्टर के स्टूडियो में काम कर चुके हैं और उन्हें गाना गाने के साथ-साथ गाना बनाना भी आता है। ऐसे में आने वाले समय में अरिजीत सिंह की यह सारी प्रेक्टिस ही उनके टैलेंट को और ज्यादा निखारेगी। सबसे खास बात अब अरिजीत सिंह बॉलीवुड हिट चार्ट के प्रेशर के बिना संगीत के सच्चे साधक की तरह अपने संगीत को कायम रखेंगे और अपने ऑडियंस और फैन्स के लिए गाने बनाते रहेंगे। वहीं सूत्रों की माने तो आने वाले समय में अरिजीत सिंह म्यूजिक कंपोजिंग और प्रोडक्शन में ज्यादा समय दे सकते हैं। शायद वह नए कलाकारों को भी मौका देने वाले हैं।
‘Hashel’ रेस्टारेंट के बाद अब मेडिकल कॉलेज खोलने है सपना
इसके साथ ही अरिजीत सिंह पिछले कुछ समय से लगातार समाज सेवा से भी जुड़े हुए हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने वेस्ट बंगाल में अपने होमटाउन मुर्शिदाबाद में हशेल (Heshel) नाम के एक रेस्टोरेंट की शुरुआत की है जो केवल 30 से ₹40 में सस्ता पौष्टिक खाना उपलब्ध कराता है। इसके अलावा अरिजीत सिंह अपने होमटाउन में ही गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए लगातार काम कर रहे हैं। वही उनका सपना है अपने होमटाउन में मेडिकल कॉलेज बनाने का। शायद आने वाले समय में अरिजीत सिंह इस सपने को सच करने की दिशा में भी जरूरी कदम उठाएंगे। वह लंबे समय से अपने होमटाउन के स्थानीय कलाकारों और संगीत छात्रों को भी सपोर्ट कर रहे हैं।
अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट की घोषणा असल में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा है, जिसका यह अर्थ बिल्कुल भी नहीं कि वह संगीत से रिटायरमेंट ले रहे हैं। बल्कि आने वाले समय में अरिजीत सिंह अपने स्किल को और ज्यादा निखारने वाले हैं और समाज सेवा के क्षेत्र में भी कुछ नया करने वाले हैं।
Read More: Fact Check: क्या Mr. Bean (Rowan Atkinson) और Mia Khalifa के बीच है रिश्ता? वायरल दावा निकला फर्जी












