Top News

केतन अग्रवाल हत्याकांड: बेटी दोषी निकली तो उसी खाई में फेंक दो… सिया गोयल के माता-पिता ने मांगी सबसे कड़ी सजा

ketan agarwal murder case

केतन अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार सिया गोयल के माता-पिता ने अपनी बेटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे भी उसी स्थान से खाई में फेंक देना चाहिए, जहां कथित तौर पर केतन अग्रवाल को धक्का देकर मार डाला गया था।

पूजा गोयल ने कहा कि सिया ने कभी भी इस शादी को लेकर किसी तरह की नाराजगी या असहमति जाहिर नहीं की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूरे परिवार को चेतन चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार, सगाई के बाद से सिया केवल केतन अग्रवाल से ही बात करती थी।

सिया के पिता ने भी बेटी के लिए मांगी सबसे कड़ी सजा

सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने भी अपनी बेटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस मामले में जो भी दोषी हो, उसे सबसे कठोर सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा, जिसने भी यह अपराध किया है, उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। जिस किले से हमारे केतन को गिराया गया, यदि मेरी बेटी भी दोषी पाई जाती है तो उसे भी उसी जगह से नीचे फेंक देना चाहिए।

प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी के प्रेम संबंधों की कोई जानकारी नहीं थी।

उन्होंने कहा, “सिया बहुत साधारण लड़की थी। वह केवल 19 साल की है। क्या इतनी छोटी उम्र की लड़की ऐसा कर सकती है? मुझे चेतन के बारे में कुछ भी नहीं पता। मैंने न कभी उसका चेहरा देखा और न ही उससे कभी बात की। वह कभी हमारे घर नहीं आया। केतन का परिवार बेहद अच्छा और संस्कारी है। हमने एक बेटे और एक अच्छे रिश्ते को खो दिया है। जांच पूरी होने दीजिए। जो भी दोषी होगा, उसे कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

परिवार को चेतन के बारे में नहीं थी कोई जानकारी

सिया की मां पूजा गोयल ने भी दोहराया कि परिवार को चेतन चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

उन्होंने कहा, यदि इस मामले में कोई भी दोषी है, तो उसे सबसे कठोर सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह मेरी बेटी ही क्यों न हो। अगर सिया दोषी साबित होती है, तो उसे भी उसी जगह से फेंक देना चाहिए जहां केतन को धक्का दिया गया था।

उन्होंने आगे कहा कि दोनों परिवार इस शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे। सिया और केतन की शादी को लेकर परिवार में काफी खुशियां थीं। केतन का परिवार सिया से बहुत प्यार करता था। उनके जन्मदिन पर भी उन्होंने कई कार्यक्रम आयोजित किए थे। यदि हमें कभी लगता कि सिया किसी परेशानी में है या केतन से बात नहीं कर पा रही है, तो हम उससे जरूर बात करते। लेकिन उसने कभी इस शादी को लेकर कोई नाराजगी जाहिर नहीं की। सगाई के बाद वह सिर्फ केतन से ही बात करती थी। हमें चेतन के बारे में बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी। मुझे अब भी विश्वास नहीं होता कि सिया ऐसा कर सकती है, लेकिन यदि जांच में वह दोषी पाई जाती है, तो उसे सबसे कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

पूजा गोयल ने बताया कि शादी के लिए उदयपुर के अनंता रिजॉर्ट को करीब 3 करोड़ रुपये में बुक किया गया था, जबकि पूरे विवाह समारोह पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च होने थे।

पुलिस ने बताया हत्या के पीछे की वजह

इस बीच, केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही पुणे ग्रामीण पुलिस का दावा है कि सिया गोयल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। इसी वजह से उसने अपने दोस्त चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, सिया और चेतन की पहली मुलाकात पिछले साल दिवाली पार्टी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लगातार संपर्क में रहने लगे। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों कई महीनों से केतन की हत्या की योजना पर चर्चा कर रहे थे।

शादी नहीं करना चाहती थी सिया

पुलिस का कहना है कि सिया शादी के लिए तैयार नहीं थी और वह अपने लिए अधिक समय चाहती थी। हालांकि परिवार के दबाव के कारण शादी तय हो गई थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, सिया चेतन चौधरी के करीब आ चुकी थी और उसे पसंद भी करती थी, लेकिन वह फिलहाल उससे भी शादी नहीं करना चाहती थी। पुलिस को शक है कि वह केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाकर चेतन के साथ अपना रिश्ता जारी रखना चाहती थी।

पहले भी हुई थी हत्या की कोशिश

पुलिस जांच के अनुसार, 31 मई को केतन और सिया लोहागढ़ किले गए थे। वहीं सिया के मन में पहली बार केतन की हत्या का विचार आया, जब उसने उसे किले के किनारे बैठा देखा। इसके बाद 14 जून को भी कथित तौर पर हत्या की कोशिश की गई। आरोप है कि सिया ने केतन को किले से धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया। जब योजना असफल रही तो सिया ने सांप देखने का बहाना बनाया और बाद में धक्का लगने की घटना को दुर्घटना बताया।

29 जून तक पुलिस हिरासत में दोनों आरोपी

फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों 29 जून तक सात दिन की पुलिस हिरासत में हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है।

Share post: facebook twitter pinterest whatsapp