12 ज्योतिर्लिंग समेत सभी शिवालयों में दर्शन-पूजा
उज्जैन में महाकाल पहनेंगे 11 फुट का सेहरा
नई दिल्ली /भोपाल। देशभर में महाशिवरात्रि (Mahashivratri Special) का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। देशभर के शिवालयों में आस्था की भीड़ उमड़ रही है। 12 ज्योतिर्लिंग और शिव मंदिरों में आधी रात से ही दर्शन-पूजन करने के लिए भक्त पहुंच रहे हैं। महाकालेश्वर मंदिर में आज 10 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
महाकाल मंदिर के पट रात 2.30 बजे से खुले हैं। दोपहर 1 बजे तक 2.20 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे साल में एक बार होने वाली भस्म आरती भी होगी।
दूल्हे के रूप में शृंगार करने के लिए मंगाए गए 3 क्विंटल फूल
महाकाल का दूल्हे के रूप में शृंगार करने के लिए 3 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं। 100 किलो आंकड़े के फूल, सवा लाख बेल पत्र, 200 किलो देसी फूल से बना 11 फुट का सेहरा बनाया जाएगा। मध्यप्रदेश के खंडवा में ओंकारेश्वर मंदिर को रात 3 बजे से दर्शन के लिए खोला गया है। यहां 24 घंटे तक लगातार दर्शन पूजन किया जाएगा।
वहीं, काशी के विश्वनाथ मंदिर में रात 2:15 बजे मंगला आरती की गई। 3:30 बजे मंदिर दर्शन के लिए खुल गया। यहां रात से भक्तों की लंबी लाइन लगी है।

महाशिवरात्रि (Mahashivratri) पर सुबह 3:15 बजे की गई विशेष पूजा
झारखंड के देवघर में बाबाधाम मंदिर में शनिवार को परंपरानुसार पंचशूलों की विशेष पूजा की गई। इसके बाद मंदिर के शिखरों पर पंचशूलों की पुनर्स्थापना के साथ ही बाबा बैद्यनाथ और माता पार्वती का पारंपरिक गठबंधन भी हुआ। यहां महाशिवरात्रि पर सुबह 3:15 बजे विशेष पूजा की गई। सुबह 4:25 बजे मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। रविवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शिव-पार्वती विवाह होगा। शाम को शिव बारात निकाली जाएगी।
Read Also- मप्र में फिर करवट इस सकता है मौसम, 18-19 फरवरी को बारिश का अलर्ट
मंदसौर में भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन करने भक्तों की भीड़
मंदसौर का पशुपतिनाथ लोक इन दिनों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महाशिवरात्रि (Mahashivratri) के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और परिसर की भव्यता व सुंदरता को निहार रहे हैं। सुसज्जित मार्ग, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। दर्शन के साथ-साथ लोग यहां की कलात्मक संरचनाओं और आध्यात्मिक माहौल का आनंद ले रहे हैं। शाम के समय रोशनी से सजा पशुपतिनाथ लोक और भी मनमोहक दिखाई देता है।
रतलाम में 11 लाख के नोटों से गढ़ कैलाश महादेव का शृंगार
रतलाम के प्राचीन गढ़ कैलाश महादेव मंदिर के गर्भगृह को लगातार दूसरी बार 11 लाख रुपए के नोटों से सजाया गया है। 10 -10 के सिक्कों से तोरण बनाए गए हैं। 10 से लेकर 500 रुपए के नोट से भगवान भोलेनाथ का शृंगार किया गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आ रहे हैं।
कोटा में 525 शिवलिंगों पर एकसाथ जलाभिषेक
कोटा के थेकड़ा में 525 शिवलिंग शिवपुरी धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ है। यह शिवालय बहुत ही अनूठा है, जहां 525 शिवलिंग स्वास्तिक आकार में स्थापित हैं।
Read Also- महाशिवरात्रि पर शिवजी के प्रिय बेलपत्र तोड़ने पर मनाही, जानें क्या हैं शास्त्रों में नियम?
महाशिवरात्रि के महाउपाय- महादेव पूरी करेंगे हर मनोकामना
- महाशिवरात्रि पर सुख-सौभाग्य को पाने लिए गाय के दूध, जल और शहद से शिवलिंग का अभिषेक करें।
- इस उपाय से स्वस्थ और सुंदर संतान की कामना भी पूरी होती है।
- भगवान भोलेनाथ को आज पूजा में सफेद चंदन या फिर भस्म का तिलक लगाएं और प्रसाद के रूप में अपने माथे पर धारण करें।
- महाशिवरात्रि पर यदि संभव हो तो किसी योग्य विद्वान की मदद से पार्थिव या फिर पारद शिवलिंग का पूजन एवं रुद्राभिषेक करें।
- यदि आप पैसों की किल्लत से जूझ रहे हों तो महादेव से धन-धान्य का आशीर्वाद पाने के लिए आज महाशिवरात्रि पर विशेष
- रूप से गन्ने के रस से भगवान शिव का अभिषेक करें।
- धन की प्राप्ति के लिए शहद और घी से भी शिवलिंग का अभिषेक करके अपनी कामना पूरी कर सकते हैं।
- मोक्ष की कामना को पूरा करने के लिए साधक को महाशिवरात्रि पर पावन तीर्थों के जल से अभिषेक करना चाहिए।

