रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग: बॉलीवुड का नाम सुनते ही हमारी आंखों के सामने कैमरा की फ्लैशलाइट, रेड कारपेट, ग्लैमरस सितारे और करोड़ की लागत से बने सेट सामने आ जाते हैं। लेकिन इसी सपनों की दुनिया की एक और हकीकत ऐसी है जिसे कोई देखने नहीं चाहता। जी हां, इन सितारों की दुनिया बाहर से दिखने में जितनी फैशनेबल और ग्लैमरस लगती है। उतना ही इन्हें डर और खौफ सताता है। आए दिन इन बड़े सितारों को किसी न किसी गैंग की धमकी मिलती है। अचानक से कभी इन सितारों के घर पर गोलियों की आवाज बोलने लगती है तो यह दबा हुआ एहसास फिर से जिंदा हो जाता है। इसी एहसास को रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग में फिर से जगा दिया है।
31 जनवरी 2026 मध्य रात्रि 12:40 के बाद रोहित शेट्टी के घर पर अचानक से 4 से 5 राउंड की फायरिंग हुई। हालांकि यह गोलियां केवल बिल्डिंग पर लगी, परंतु इस घटना ने संपूर्ण बॉलीवुड को फिर से खौफ के साए में समेट लिया है। यह कोई पहला मामला नहीं है जब किसी बॉलीवुड सेलिब्रिटी के घर के बाहर इस प्रकार का हमला हुआ है। इससे पहले भी कई बॉलीवुड की सेलिब्रिटी के घर के बाहर, यहां तक की बॉलीवुड सेलिब्रिटीज पर भी हमले किए गए हैं। रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुआ हमला इस मामले की ताजा-ताजा कड़ी है। परंतु इस मामले की शुरुआत तो दशकों पहले ही हो चुकी है जब मुंबई में अंडरवर्ल्ड, वसूली और गैंगवार का राज हुआ करता था।
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग का ताजा मामला
31 जनवरी 2026 की मध्य रात मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के घर पर अचानक से चार से पांच राउंड की फायरिंग हुई। इस खबर के बाहर आते हैं इस पूरे इलाके में अफ़रा-तफरी मच गई। मुंबई पुलिस ने तुरंत ही FIR दर्ज की और मामले की तहकीकात शुरू हो गई। रोहित शेट्टी के घर के बाहर क्राइम ब्रांच, ATS और लोकल पुलिस जांच में जुट गई। लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमला आखिर किया किसने है?
इस हमले में हमलावर का मकसद क्या था? क्या हमलावर केवल डराने की कोशिश कर रहा था या किसी बड़ी साजिश को अंजाम दे रहा था? हालांकि राहत की खबर यह है कि रोहित शेट्टी और उनके परिवार वाले सभी सुरक्षित हैं। किसी को कोई चोट नहीं आई, परंतु रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले ने फिल्म इंडस्ट्री को फिर से दहशत में डाल दिया है।
फिल्म स्टार्स पर हमला कब-कब हुआ
सलमान खान पर फायरिंग का मामला: रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग का मामला पहला मामला नहीं है इससे पहले अप्रैल 2024 में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर अचानक से दो बाइक सवार लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि इस फायरिंग में भी कोई घायल नहीं हुआ परंतु एक गोली घर की बालकनी पर लगी। जब गोली चली तब सलमान खान और उनके परिवार वाले घर पर ही मौजूद थे।
सलमान खान को लंबे समय से अंडरवर्ल्ड गैंग और विभिन्न गुटों द्वारा धमकियां तो मिल ही रही थी परंतु इस प्रकार की फायरिंग अनअपेक्षित थी। बाद में पुलिस ने तहकीकात शुरू की और जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली। आज भी सलमान खान के सर से अंडरवर्ल्ड का साया पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ। बिग बॉस 19 की शूटिंग के दौरान अचानक से सलमान खान की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई थी क्योंकि उन्हें फिर से धमकियां मिलने लगी थी।
सैफ अली खान पर हमला: बॉलीवुड के सबसे खौफनाक हमले में सैफ अली खान पर हुआ हमने भी एक माना जाता है। हालांकि अन्य बॉलीवुड स्टार्स के अंडरवर्ल्ड कनेक्शंस की वजह से कई बार उन पर हमले हुए, परंतु सैफ अली खान का मामला एकदम अलग था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर उन पर चाकू से हमला किया।
आरोपी ने सबसे पहले सैफ के घर में घुसपैठ की, उनके बच्चों और करीना के सामने सैफ पर हमला किया। जिसमें से एक चोट तो उनकी रीढ़ के पास लगी। इस हालत में भी सैफ खुद ऑटो में बैठकर हॉस्पिटल गए। यह घटना बॉलीवुड की सबसे डरावनी घटना में से एक कही जाती है। जहां अज्ञात व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर घर के अंदर घुस जाता है। यह मामला हाई प्रोफाइल सेलिब्रिटीज की निजी सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा कर देता है।
बॉलीवुड की नींव हिला देने वाला गुलशन कुमार हत्याकांड: अंडरवर्ल्ड की दुनिया से बॉलीवुड को कई बार धमकियां मिली। परंतु बॉलीवुड की क्राइम हिस्ट्री में गुलशन कुमार का हत्याकांड आज भी बॉलीवुड एक्टर एक्ट्रेस के रोंगटे खड़े कर देता है। 12 अगस्त 1997 के दिन टी-सीरीज के संस्थापक जब मॉर्निंग वॉक पर बाहर टहल रही थे तब अचानक से अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।
इसमें गुलशन कुमार की मृत्यु हो गई। यह हत्या दिनदहाड़े हुई और इसका आरोप डॉन अबू सलेम पर लगा। इसकी वजह बताई जा रही थी कि उन्होंने हफ्ता देने से इनकार कर दिया। यह हत्याकांड साफ तौर पर दिखाता है कि बॉलीवुड में कैसे अंडरवर्ल्ड का साया बना रहता है।
राकेश रोशन जब मौत को छूकर लौटे: अंडवर्ल्ड क्राइम एक्टिविटीज से बॉलीवुड के रितिक रोशन भी अनछुए नहीं। जनवरी 2000 में रितिक रोशन के पिता राकेश रोशन पर भी अचानक से हमला हुआ। रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की तरह ही किसी ने उनके ऑफिस के बाहर गोलियां चलाई।
इस दौरान राकेश रोशन गंभीर रूप से घायल भी हुए। उन्हें 2 गोलियां लगी, हालांकि उनकी जान बच गई। कहा जाता है कि यह हमला भी वसूली से जुड़ा था। इसके बाद तो रोशन परिवार की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई। यहां तक की रितिक रोशन की सिक्योरिटी में भी इजाफा कर दिया गया।
प्रीति जिंटा को भी मिली अंडरवर्ल्ड की धमकियां: इन सभी मामलों में से सबसे अलग मामला रहा प्रीति जिंटा का। क्योंकि प्रीति जिंटा पर कोई हमला नहीं हुआ परंतु उन्हें धमकियां जरूर मिली और धमकियां भी अंडरवर्ल्ड से मिली। क्योंकि उन्होंने कोर्ट में अंडरवर्ल्ड के खिलाफ खुलकर गवाही दी थी।
जहां बाकी बॉलीवुड एक्टर एक्ट्रेस बयान बदल चुके थे। वहीं प्रीति जिंटा ने सामने आकर माना की हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अंडरवर्ल्ड का गहरा दबाव है। हालांकि इसकी वजह से प्रीति जिंटा को लगातार जान से मारने की धमकियां मिली परंतु वे सच के साथ डटी रही।
रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग कोई अलग घटना नहीं है। यह एक लंबी कहानी का एक हिस्सा मात्र है। गुलशन कुमार की हत्या, राकेश रोशन पर हमला, सलमान खान को धमकियां यह सारे वाकये स्पष्ट रूप से बताते हैं कि बॉलीवुड की चमक जितनी तेज है खतरा उतना ही गहरा है।












